बोकारो। इन्सान सदियों से कुदरत के रहस्य जानने की कोशिश में जुटा है। वह कई रहस्य जान चुका है लेकिन आज भी सृष्टि का अनजाना सत्य उसे कुछ और जानने और समझने की चुनौती देता है।
सच और रहस्य की इस दूरी को कम या खत्म करने का सिलसिला बहुत पुराना है। हर सवाल जवाब मांगता है और हर जवाब अपने पीछे सवालों की सूची छोड़ जाता है। ऐसा ही एक रहस्यमय स्थान झारखंड के बोकारो जिले में स्थित है।
यह अनोखा कुंड है जिसकी एक खासियत ने इसे लोगों के आकर्षण का केंद्र बना दिया। इसका नाम है- दलाही कुंड। अगर इसके पास कोई ताली बजाता है तो कुंड में तेजी से पानी बाहर निकलता है।
यहां गर्मियों में ठंडा तो सर्दियों में बिल्कुल गर्म पानी बाहर आता है। कुंड के साथ लोगों की आस्था जुड़ी हुई है और यह माना जाता है कि इसके पानी से स्नान किया जाए तो चर्मरोग दूर होते हैं।
कुंड से बाहर निकला पानी एक नाले में जाता है जिसका नाम जमुई है। उसके पश्चात यह गरगा नदी में मिल जाता है। ताली बजाने से पानी का निकलना लोगों के लिए किसी आश्चर्य से कम नहीं है। वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि संभवत: ताली से उत्पन्न हुई ध्वनि तरंगों के कारण ऐसा होता है। पानी के तापमान में परिवर्तन होना भी कम आश्चर्यजनक नहीं है।
यह स्थान बोकारो से करीब 27 किमी दूर जगासुर में है। कुंड के निकट दलाही गोसाईं देव का स्थान है। हर रविवार को श्रद्धालु उनके दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। यहां मकर संक्रांति को मेला लगता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक 1984 से ही यहां मेले का आयोजन किया जा रहा है।
Shree Ayodhya ji Shradhalu Seva Sansthan राम धाम दा पुरी सुहावन। लोक समस्त विदित अति पावन ।।