भगवान श्रीराम ने स्थापित किया श्रीरामेश्वरम धाम, शिवलिंग पूजन से भगवान शिव को किया था प्रसन्न

उत्तर में हिमालय की गोद में बद्रीनाथ, पश्चिम में द्वारिकापुरी, पूर्व में जगन्नाथ पुरी तथा सुदूर दक्षिणी छोर पर स्थित है, चौथा धाम रामेश्वरम् तीर्थ।

तीर्थ स्थापना की कथा

चारों धामों में सुप्रसिद्ध तीर्थ रामेश्वरम् की स्थापना के संबंध में अनेक पौराणिक कथाएं प्रचलित हैं, किंतु सर्वत्र यह मान्यता है कि रावण को पराजित करके सीताजी को लंका से वापस लाने पर श्रीराम ने इस पावन तीर्थ की स्थापना की। यह कथा भी कही जाती है कि महाबलशाली लंकाधिपति रावण से युद्ध में विजय प्राप्त करने के लिए श्रीराम ने अपने इष्टदेव शंकर की उपासना यहीं की थी। महादेव प्रसन्न हुए और विजय प्राप्त करने का वरदान दिया।

एक अन्य कथा के अनुसार लंकेश रावण को मारने से रामचन्द्रजी को ब्रह्म हत्या का महापाप लगा। इसी पाप के प्रायश्चित हेतु लंका से वापस आते ही भारत भूमि पर सागर किनारे रामजी ने महादेव शिव की पूजा अर्चना की और पाप मुक्त हो गए।

यह भी कहा जाता है कि लंकाविजय के महायुद्ध में रावण सहित सवा लाख योद्धा मारे गए। ऐसी हिंसा से त्राण पाने और देवों के देव शंकर को दिए गए वचन के अनुसार सागर तट पर शिवलिंग की स्थापना की बात तय हुई। इसके लिए शिवलिंग लाने हेतु पवनपुत्र हनुमान को काशी भेजा गया। समय बीत रहा था, पर हनुमान वापस नहीं आ पाए। ऐसी स्थिति में स्वयं श्रीराम ने अपने हाथों से वहां उपलब्ध रेत से ज्योर्तिलिंग बनाकर स्थापित कर दिया।

बाद में हनुमान जी आए तो उन्हें अपने विलम्ब पर बहुत दु:ख हुआ। अपने भक्त हनुमान को इस प्रकार दु:खित देखकर श्रीराम ने उनके लाए शिवलिंग की भी स्थापना कर दी और कहा कि जो भक्त इस शिवलिंग से पहले हनुमान जी के लाए हुए ज्योर्तिलिंग की पूजा करेगा उसी को अधिक पुण्य मिलेगा, इसलिए मुख्य मंदिर में पूजा करने से पहले भक्तजन इस मूर्ति के दर्शन कर लेते हैं।

रामेश्वरम् का मुख्य मंदिर:

तमिलनाडु प्रदेश के दक्षिण छोर पर सागर तट के पास एक छोटा द्वीप है, जिसे पौराणिक साहित्य में शंखद्वीप कहा गया है। यहीं सागर लहरों से सदा आलोडि़त तट पर स्थित है, रामनाथ स्वामी का भव्य मंदिर। कठोर चट्टानों से बने मुख्य मंदिर में श्रीराम द्वारा स्थापित स्फटिक का अत्यंत सुंदर ज्योर्तिलिंग है। इसके ऊपर शेषनाग के फन का विशाल छत्र है।

समुद्र तट पर स्थित रामेश्वरम् के इस विशाल मंदिर के चारों ओर पत्थर की ऊंची दीवार है। मुख्य मंदिर के पूर्व और पश्चिम में क्रमश: दस और सात मंजिलें उत्तंग गोपुर बने हैं, जिनमें अनेक देवी-देवताओं और पशु-पक्षियों की मूर्तियां हैं।

मुख्य मंदिर के चारों ओर पत्थर के स्तंभों से निर्मित विशाल परिक्रमा पथ यहां की अपनी अलग विशेषता है। बारह सौ मीटर से भी अधिक लंबाई वाली इस दीर्घा में करीब ग्यारह सौ प्रस्तर स्तंभ (दोनों ओर मिलाकर) हैं जिन पर कलात्मक खुदाई की गई है। इसे संसार का सबसे बड़ा परिक्रमा पथ माना जाता है जो भारतीय शिल्प का बेजोड़ नमूना है।

मुख्य मंदिर का अहाता दो सौ मीटर चौड़ा और दो सौ साठ मीटर लंबा है। मंदिर के पास और परिक्रमा पथ के साथ सब मिलाकर बाईस कूप और छोटे-बड़े सरोवर हैं। ऐसी मान्यता है कि इनके जल से स्नान करने से भक्तजनों की मनोकामना पूरी होती है। विशेषकर युगल दंपति संतान की कामना से यहां के जल से स्नान करके पूजा करते हैं।

मंदिर के अंदर रामलिंग स्वामी तथा पार्वती (पर्वती-वर्धिनी अम्मा) की प्रतिमा है। बाहर सोने से मढ़ा हुआ गरूड़ स्तम्भ है। इसके पास ही सफेद रंग की नंदी की करीब चार मीटर से अधिक ऊंची प्रतिमा है।

अन्य दर्शनीय स्थल

इस शंख द्वीप पर रामनाथ स्वामी मंदिर के अलावा भी अनेक दर्शनीय स्थल हैं। मंदिर से थोड़ी दूरी पर एक पहाड़ी है, जिसे गंधमादन पर्वत कहा जाता है। यही रामझरोखा है, जहां एक ओर श्रीराम चिन्ह के दर्शन होते हैं और दूसरी ओर द्वीप तथा अनंत सागर का दृश्य दिखाई पड़ता है। यहां से करीब आठ किलोमीटर की दूरी पर कोदंडराम स्वामी का मंदिर है। यही वह स्थान है, जहां श्रीराम ने विभीषण का राजतिलक किया था।

इस द्वीप के दक्षिण छोर पर धनुषकोटि नामक स्थान है। यह तीर्थ स्थल भी है तथा श्रीलंका जाने वाले जहाजों के लिए बंदरगाह भी है। यहां से लंका अभियान के लिए श्रीराम ने सेतु निर्माण किया था। अब भी सागर लहरों के बीच रेत के छोटे-छोटे टीले दिखाई पड़ते हैं, जिन्हें सेतु बांध रामेश्वरम् का अवशेष कहा जाता है। कहते हैं, लंका विजय से लौटने पर श्रीराम ने अपनी धनुष की नोक (धनुषकोटि) से उस पुल को ध्वस्त कर दिया था, जिससे राक्षसगण भारत भूमि पर वापस नहीं पहुंच सकें। यहां पर सागर स्नान का विशेष धार्मिक महत्त्व है। इन धार्मिक स्थानों के अलावा रामेश्वरम् का महत्त्व पर्यटन केन्द्र तथा मछलीपालन अनुसंधान केन्द्र के लिए भी है। यहां के सागर जल में अनेक प्रकार के जलचर पाए जाते हैं। इस तट से थोड़ी दूरी पर सागर लहरों के बीच मूंगे के द्वीप भी दिखाई पड़ते हैं। इस क्षेत्र में नारियल, शंख तथा कौडिय़ों से निर्मित हस्तकला से बनी आकर्षक वस्तुओं के अनेक बाजार हैं।

यात्रा मार्ग और अन्य सुविधाएं

रामेश्वरम् के दर्शन के लिए दूर-दूर से बहुसंख्यक लोग प्राय: हर मौसम में आते रहते हैं। भारत की मुख्य भूमि से रामेश्वरम् तथा धनुषकोटि तक रेल लाइन की व्यवस्था बनी थी किंतु करीब दस साल पहले भयंकर तूफान और सागरीय लहरों के कारण पुल क्षतिग्रस्त हो गया। मंडपम् और पम्बन के बीच रेल पुल पुन: ठीक कर दिया गया। अब मंडपम् से पम्बन के मध्य सागर पर सड़क पुल का भी निर्माण हो गया है। यात्रियों के निवास के लिए यहां धर्मशालाएं तथा अनेक यात्री-निवास हैं। पर्यटन विभाग और सरकारी अतिथिगृह भी हैं। यहां होटल और बाजार में सब प्रकार का भोजन मिल जाता है, किंतु इडली-डोसा और चावल की प्रधानता है। सागर तट पर स्थित होने के कारण मौसम अच्छा और सुहावना रहता है, केवल गर्मी के दिनों में धूप बहुत तेज होती है। यहां के लोग तमिल और अंग्रेजी के अलावा हिन्दी बोलते और समझते हैं तथा यात्रियों को यथासंभव सहयोग देते हैं।

माता सीता ने भी किया था एक घोर पाप, यकीन नहीं कर पाएंगे आप
आज जरूर करें माँ कालरात्रि की यह आरती, मिटेंगे सभी क्लेश

Check Also

पढ़िए मई में आने वाले शुभ दिन की सूची

जल्द ही मई महीने की शुरुआत होने जा रही है। हिन्दू धर्म में किसी भी …